उत्तराखंड का सबसे खूबसूरत हिल स्टेशन चकराता

यदि आप कुदरती खूबसूरती के साथ-साथ रोमांचक खेलों का लुत्फ भी उठाना चाहते हैं तो इस लिहाज से यह एक आदर्श स्थल है। 

जौनसार-बावर का यह क्षेत्र यानी चकराता और इसके आसपास कैंपिंग, राफ्टिंग, ट्रेकिंग, रैपलिंग, रॉक क्लाइंबिंग का आनंद उठा सकते हैं। 

इसके अलावा चकराता के आसपास और भी कई पर्यटन स्थल हैं जिनकी खूबसूरती देखने लायक है, यहां ऊंचे पहाड़ों से गिरते कई झरने भी देखने को मिलते हैं, इनमें से प्रमुख है टाइगर वॉटर फॉल। ये चकराता हिल स्टेशन की खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं।

चकराता हिल स्टेशन देहरादून, उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों में अपना प्रमुख स्थान रखता है, यहाँ हर साल देशभर से हजारों की संख्या में पर्यटक और प्रकृति प्रेमी आते हैं।

चकराता हिल स्टेशन में घूमने की सबसे अच्छी जगहों में चिलमरी नेक सबसे पहले नंबर पर आती है, यह पर्यटन स्थल चकराता से 25-30 km की दूरी पर स्थित है, चिलमरी नेक की खूबसूरती पर्यटकों में आकर्षण का केंद्र है।

चकराता हिल स्टेशन के पर्यटन स्थलों में मुंडाली प्रमुख है, यहाँ अधिकतर पर्यटक शीत ऋतु में आते हैं। चकराता से 36 किमी की दूरी पर स्थित मुंडाली, औली के बाद स्कीइंग और स्नोबोर्डर्स के लिए भारत का सबसे पसंदीदा स्थान है। इसके अलावा गर्मियों में आसपास का नजारा देखने लायक होता है।

चकराता हिल स्टेशन अपनी प्राकृतिक सुन्दरता के अतिरिक्त बहुत सारी अन्य गतिविधियों के लिए भी जाना जाता है। चकराता में स्थित कनासर पर्यटन स्थल कैम्पिंग और रिवर राफ्टिंग के लिए प्रसिद्द है।

बुधेर गुफा, चकराता हिल स्टेशन से 30 km की दूरी पर स्थित है, मान्यता है कि इस गुफा का निर्माण पांडवों द्वारा किया गया था। यहाँ आप अनेक एडवेंचर गतिविधियाँ कर सकते हैं।

चकराता, देहरादून शहर से लगभग 86 km की दूरी पर स्थित है। देहरादून से चकराता जाने के लिए आप कैब कर सकते हैं या खुद ड्राइव करके जा सकते हैं।